डिंडोरी । आदिवासी इलाके के डिंडोरी में आज कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा। स्थानीय निकायों में टिकट न मिलने से नाराज होकर बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं और नगर परिषद की अध्यक्ष बनी सुनीता सारस ने आज कांग्रेस छोड़ दी और एक बार फिर बीजेपी में शामिल हो गईं ।
फग्गन सिंह कुलस्ते ने कराई वापिसी
सुनीता सारस की यह घर वापिसी केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के प्रयासों से हुई और उन्होंने ही एक समारोह मे सुनीता को फिर से बीजेपी में शामिल किया। इस मौके पर उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया।
कुछ दिनों पहले छोड़ी थी कांग्रेस
डिंडोरी नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता ने कुछ रोज पहले ही कांग्रेस पार्टी से अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को भेजा था तभी से उनकी बीजेपी में वापिसी की अटकलें लग रहीं थीं। आज एक समारोह में कुलस्ते ने माला व भाजपा का गमछा पहनाकर भाजपा में स्वागत किया।
यह बोले कुलस्ते
केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि कुछ राजनैतिक समीकरण के चलते हम सुनीता को टिकिट नही दे पाए थे,लेकिन आज वे पूर्ण रूप से भाजपा के साथ है और हम मिलकर डिंडोरी नगर के विकास के लिए काम करेंगे।

