मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) में एक युवा सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर की संदिग्ध मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इंस्टाग्राम (Instagram) पर अपनी रील्स और वीडियो के जरिए लोकप्रियता हासिल करने वाली 21 वर्षीय पलक रजक (Palak Rajak) की मौत अब कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर दिखता था दर्द
ग्वालियर के मुरार क्षेत्र की रहने वाली पलक सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनकी रील्स को लाखों लोग देखते थे। लेकिन उनकी हालिया पोस्ट और वीडियो अब जांच एजेंसियों के लिए अहम सुराग बनते जा रहे हैं।
मौत से दो दिन पहले शेयर की गई एक रील में पलक ने Anxiety, Panic Attack, Depression, Sleepless Nights और Continuous Crying जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। पुलिस अब इन पोस्ट्स को उनकी मानसिक स्थिति और निजी जीवन से जोड़कर देख रही है।
सालगिरह वाली पोस्ट भी चर्चा में
पलक ने शादी की पहली सालगिरह पर भी एक भावुक पोस्ट साझा की थी। उस पोस्ट में लिखे शब्द अब उनके भीतर चल रहे मानसिक तनाव और संघर्ष की ओर इशारा करते दिखाई दे रहे हैं।
परिवार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पलक लगातार मानसिक और घरेलू प्रताड़ना का सामना कर रही थीं। परिवार का कहना है कि अप्रैल 2025 में उनकी शादी अमित रजक से हुई थी, जिसके बाद से ससुराल पक्ष द्वारा कार और सोने की चेन की मांग की जा रही थी।
परिजनों ने पति, सास और अन्य सदस्यों पर लगातार परेशान करने के आरोप लगाए हैं।
मौत से पहले पिता को किया फोन
मामले का सबसे भावुक पहलू वह फोन कॉल है, जो पलक ने अपनी मौत से करीब 20 मिनट पहले अपने पिता को किया था। परिवार के मुताबिक, पलक फोन पर रो रही थीं और उन्होंने खुद को अकेला और परेशान बताया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उनसे कोई बात नहीं करता और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि पलक ने फांसी लगा ली है।
हत्या या आत्महत्या?
परिवार इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहा है और इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल विशेषज्ञों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला फांसी से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियां और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
यह मामला सोशल मीडिया की चमकती दुनिया के पीछे छिपे मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद और निजी संघर्षों की गंभीर तस्वीर भी सामने ला रहा है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

