नई दिल्ली । आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शुक्रवार को चंद्रमा पर भारत के तीसरा मिशन चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण हुआ। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का 642 टन वजन वाला एलवीएम3 रॉकेट ने दोपहर बाद 2.35 बजे चंद्रयान के साथ उड़ान भरी।
चंद्रयान-3 (Chandrayaan 3) को चंद्रमा पर पहुंचने में करीब 40 दिन का समय लगेगा। प्रक्षेपण के ठीक 16 मिनट बाद लगभग 2.50 बजे करीब 179 किमी की ऊंचाई पर चंद्रयान-3 रॉकेट से अलग हो गया। इसके बाद चंद्रयान-3 लगभग 3.84 लाख किमी की अपनी लंबी चंद्रमा यात्रा शुरू करेगा। अंतरिक्ष यान द्वारा ले जाए गए लैंडर के 23 या 24 अगस्त को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद है। इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान में एक प्रोपल्शन मॉड्यूल (वजन 2,148 किलोग्राम), एक लैंडर (1,723.89 किलोग्राम) और एक रोवर (26 किलोग्राम) शामिल है।
रॉकेट का पहला चरण ठोस ईंधन द्वारा संचालित है। दूसरा चरण तरल ईंधन द्वारा संचालित है, जबकि तीसरे और अंतिम चरण में तरल हाइड्रोजन और तरल ऑक्सीजन द्वारा संचालित क्रायोजेनिक इंजन है। चंद्रयान-3 का मुख्य उद्देश्य लैंडर को चंद्रमा की जमीन पर सुरक्षित उतारना है। उसके बाद रोवर प्रयोग करने के लिए बाहर निकलेगा। लैंडर से बाहर निकलने के बाद प्रोपल्शन मॉड्यूल द्वारा ले जाए गए पेलोड का जीवन तीन से छह महीने के बीच है। दूसरी ओर, इसरो ने कहा कि लैंडर और रोवर का मिशन जीवन एक चंद्र दिवस या 14 पृथ्वी दिवस है।
चंद्रयान-3 में महिलाओं का अहम योगदान :
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भले ही चंद्रयान-2 मिशन के विपरीत चंद्रयान-3 मिशन का नेतृत्व पुरुषों द्वारा किया जा रहा है, लेकिन बड़ी संख्या में इसमें महिलाओं का योगदान हैं। इसरो के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, लगभग 54 महिला इंजीनियर/वैज्ञानिक हैं, जो चंद्रयान-3 मिशन पर काम कर रही है। वे अलग-अलग केंद्रों पर काम करने वाले विभिन्न प्रणालियों के सहयोगी और उप परियोजना निदेशक और परियोजना प्रबंधक हैं।
छात्रों ने महत्वपूर्ण मोटर का किया निर्माण :
चंद्रमा पर भारत के तीसरे मिशन चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण की उलटी गिनती सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है और लाखों लोग सांस रोककर इंतजार कर रहे हैं, छात्रों की एक टीम ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के स्वदेशी अंतरिक्ष यान के लिए एक महत्वपूर्ण मोटर बनाई है। इसरो ने अपने अंतरिक्ष मिशन के लिए तमिलनाडु के सेलम में सोना कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी की सौनास्पीड टीम को विभिन्न प्रकार की मोटरों के निर्माण का काम सौंपा था।
इसरो (ISRO) ने आखिरकार चंद्रयान-3 को लांच करने के लिए लांच व्हीकल मार्क-तीन (एलवीएम 3) में उपयोग के लिए बनाई गई एक स्टेपर मोटर को खरीद लिया। अंतरिक्ष में यात्रा के लिए, चंद्रयान-3 प्रक्षेपण यान, एलवीएम 3 को चंद्रमा मिशन के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत किया गया है।