भोपाल। चंबल के बीहड़ में लंबे समय तक सक्रिय रहे दस्यु सरगना मलखान सिंह बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के भोपाल स्थित कार्यालय में कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की । इस दौरान मलखान सिंह ने ऐलान करते हुए कहा कि वह अब कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे और यहां पर वह प्रचार करेंगे वहां पर कांग्रेस जीतेगी।
2023 में कमलनाथ को जनता बनाएगी सीएम
इसी के साथ पूर्व डकैत मलखान सिंह ने कहा है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को साफ कर देंगे और कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाएंगे उन्होंने कहा कि अन्याय और अत्याचार नहीं बढ़ता तो मैं बागी नहीं बनता। सिद्धांत वाली पार्टी जानकर भाजपा के लिए कभी प्रचार किया था लेकिन भाजपा में अब अन्याय अत्याचार बढ़ गया है। इसलिए मैंने भाजपा को त्याग किया।मलखान सिंह एक समय बीहड़ के दस्यु किंग कहलाते थे। वह खुद को डाकू कहलाना गलत बताते हैं। उनके अनुसार वह अन्याय के खिलाफ बागी हुए थे गांव के मंदिर की 100 बीघा जमीन पर कब्जा था इस जमीन को मंदिर में मिलाने के लिए उन्होंने हथियार उठाए थे।
अर्जुन सिंह के समक्ष किया था समर्पण
अस्सी के दशक में मलखान सिंह और उनका गैंग चम्बल अंचल का सबसे खतरनाक गिरोह माना जाता था । इसका एमपी ,यूपी से लेकर राजस्थान तक मे मूवमेंट रहता था और खौफ था लेकिन अपनी रॉबिनहुड छवि के चलते पुलिस इसका कुछ नही बिगाड़ पाती थी थी। 15 जून 1981 में भिण्ड के एसएएफ मैदान में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के समक्ष मलखान सिंह ने अपनी गिरोह के सदस्यों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया था। मुंगावली की खुली जेल में अनेक वर्ष तक रहने के बाद वह जेल से रिहा होने के बाद वे सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हो गए । इस दौरान उन्होंने नब्बे के दशक में उन्होंने भिण्ड विधानसभा क्षेत्र में हुए उप चुनाव में समजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा लेकिन हार गए। इसके बाद कई वर्षों से वे बीजेपी के प्रचारक के रूप में सक्रिय थे।