शहडोल। पुष्पराजगढ़ की सरई चौकी के बगदरा घाट पर शनिवार सुबह एक बस पलट गई। यह बस डिंडोरी जिले से शहडोल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लोगों को लेकर जा रही थी। घटना पूर्वाह्न 11 बजे की है। इस हादसे में बस में सवार 24 लोग घायल हुए हैं। 2 लोगो को ज्यादा चोट पहुंची है उनकी हालत गम्भीर है। बाकी अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई गई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉ व एंबुलेंस पहुंची और तुरंत घायलों को लेकर तत्काल उपचार कराया गया।
अनियंत्रित होने से बस पलट गई
अनूपपुर के जिला मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि बस में सवार 24 लोगों जख्मी हुए हैं। इनमें एक का हाथ फैक्चर हो गया है। दूसरे के सिर में चोट आई है। उन्होंने कहाकि यात्रियों ने बताया कि बरघाट के मोड़ पर बस ड्राइवर गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पलट गई।
बस में 40 लोग थे सवार
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में लगभग 40 लोग सवार थे। घायलों को पांच 108 एंबुलेंस वाहन से पुष्प राजगढ़ तहसील क्षेत्र के खमरौध, बेनीबारी और सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर सरई, करनपठार एवं राजेंद्रग्राम थाना की पुलिस पहुंची। इसी तरह डिंडौरी कलेक्टर विकास मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। बताया गया बस में सवार सभी लोग डिंडौरी जिले के धनुआ सागर गांव के हैं। यह सुबह डिंडौरी से शहडोल के लिए रवाना हुए थे।
किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया
राज्य सरकार की तरफ से कमिश्नर राजीव शर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के लालपुर और पकरिया कार्यक्रम में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है। जानकारी अनुसार एक जुलाई को प्रधानमंत्री दोपहर लगभग तीन बजे पहले लालपुर मैदान पहुचेंगे। वहां सिकलसेल एनिमिया मिशन की लांचिंग करेंगे और एक करोड़ पीवीसी आयुष्मान कार्ड का वितरण करेंगे। इसके बाद वो पकरिया गांव आएंगे। यहां जनजातीय समुदाय के सदस्यों, पेसा एक्ट की समितियों, लखपति बहनों और फुटबाल क्रांति के खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। इसके बाद उनके साथ जनजातीय भोज में शामिल होंगे।
वाटर प्रूफ पंडाल व डोम किया गया है तैयार
लालपुर सभा स्थल और पकरिया में बरसात को दृष्टिगत पानी से बचने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाटर प्रूफ पंडाल और डोम लगाए गए हैं। सभा स्थल लालपुर को पूरी तरह वाटर प्रूफ बनाया गया है। इसके अलावा पकरिया में भी एक विशेष पंडाल लगाया गया है। जिसमें वर्षा के दौरान भी कार्यक्रम किया जा सकेगा। मानसून मौसम को देखते हुए पकरिया का कार्यक्रम वाटर प्रूफ डोम में ही किया जाएगा। जिस दौरान प्रधानमंत्री मोदी की लालपुर में सभा हो रही होगी, उस समय का मौसम तय करेगा कि पकरिया का कार्यक्रम बगीचे के नीचे या फिर पंडाल में होगा।