ग्वालियर। ग्वालियर में पति के साथ मजदूरी करने आई सागर की एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला का पति भवन निर्माण का कार्य करता था और महिला भी उसके साथ काम करती थी जिस मकान में महिला काम कर रही थी उसी मकान के मालिक पर महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है जिसके बाद पुलिस ने पीडित महिला की शिकायत पर आरोपी मकान मालिक पर दुष्कर्म और धमकाने की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली है।
दरअसल ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में सागर जिले की बांदरी इलाके में रहने वाला युवक अपनी पत्नी के साथ काम करने के लिए आया हुआ था वह यहां महाराजपुरा इलाके में स्थित बीपी सिटी में राजवीर सिंह के यहां रहता है। उसके साथ उसकी पत्नी भी रहती है। बीते रोज दोपहर करीब 3 बजे राजवीर उस समय घर में घुस आया, जब उसकी पत्नी घर पर अकेली थी। महिला का पति काम पर गया था। राजवीर ने आते ही छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला को धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद जान से मारने की धमकी भी दी। जब महिला का पति काम से लौटकर घर आया। तब महिला ने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद महिला को उसका पति महाराजपुरा थाने लेकर पहुंचा। महाराजपुरा थाने में रात को एफआइआर दर्ज हुई। पीडिता ने बताया कि आरोपी द्वारा उसके के पति को भी धमकाया गया और उससे कहा- कि अगर रिपोर्ट की तो जान से मार डालेगा।
दहेज की डिमांड पूरी नहीं करने पर पति ने किया अप्राकृतिक कृत्य
मुरार इलाके में रहने वाली एक महिला के साथ दहेज प्रताड़ना और अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है। मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आर्य नगर मेंरहने वाली महिला की शादी 18 जनवरी 2020 को हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही महिला का पति और ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। महिला से दहेज मांगा, जब उसने दहेज लाने से इंकार कर दिया तो उसका पति उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य कर प्रताड़ित करने लगा। फिर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इस मामले में पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत की। महिला थाना पुलिस ने अप्राकृतिक कृत्य और दहेज प्रताड़ना की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली है।