भोपाल । भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की तिकड़ी, प्रदेश संगठन को मजबूत बनाने, नाराज नेताओं को मनाने, नेपथ्य में पड़े हुए मजबूत भाजपा नेताओं ओर कार्यकर्ताओं को संगठन और चुनाव कार्य की जिम्मेदारी देकर, सक्रिय करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) संगठन के प्रत्येक नेता और भाजपा कार्यकर्ता से भलीभांति परिचित हैं। उनकी क्षमताओं को भी अच्छी तरीके से जानते हैं। गुटीय प्रतिबद्धता से दूर संगठन के हर कार्यकर्ता और नेता को जोड़ने, उनकी नाराजगी को दूर कर,संगठन को मजबूत बनाने के लिए बड़े नेताओं में आम सहमति बन गई है। उसके अनुसार काम भी शुरू हो गया है।
चुनाव के लिए जो विभिन्न समितियां बनाई जा रही हैं। उनमें ज्यादा से ज्यादा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का उपयोग हो। इस रणनीति के तहत नाराज और निराश भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उनकी नाराजगी को दूर करते हुए,सक्रिय करने के लिए पूरा भाजपा संगठन एकजुट हो गया है। नरेंद्र सिंह तोमर के चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी संगठन में, एक नई ऊर्जा और जोश देखने को मिलने लगा है। जो निश्चित रूप से चुनाव के लिए एक अच्छे संकेत हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रदेश भर में संगठन को मजबूत बनाने का काम किया था। उसका लाभ एक बार फिर इस विधानसभा चुनाव में मिलना तय माना जा रहा है।