– प्रदीप शर्मा-
भिण्ड। मध्यप्रदेश में जैसे-जैसे आम चुनावों की तारीख नजदीक आती जा रही है कांग्रेस भाजपा सरकार को घेरने के लिए कोई भी मौका नहीं चूकना चाहती है, ऐसे में प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों और सात सूत्रीय मांगों को लेकर भिंड जिला कांग्रेस ने मेहगांव तहसील का घेराव कर एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा । कांग्रेस ने समस्याओं का सात दिन में हल नहीं होने पर बड़े आंदोलन की अधिकारियों को चेतावनी दी है।
जनसभा भी की
भिण्ड जिला कांग्रेस ने किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर के नेतृत्व में आज 30 जून को मेहगांव में मध्य प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर रैली और विशाल जनसभा का किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर के नेतृत्व में आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस नेता प्रमोद चौधरी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि सात दिन में अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होगी।
फर्जी विकलांग सर्टिफिकेट से बीजेपी ने अपनो को दी नौकरी
मंच से बोलते हुए किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने कहा जैसे ही चुनाव नजदीक आए तो भारतीय जनता पार्टी माता और बहनों को एक हजार रुपये का लालच देकर उनका वोट खरीदने का काम कर रही है। वही चंबल अंचल में हुए फर्जी विकलांग सर्टिफिकेट लगाकर शिक्षक भर्ती घोटाले में भारतीय जनता पार्टी सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अपने रिश्तेदारों को फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर भर्ती कराया है, जिसका खुलासा जल्दी जांच में हो जाएगा।
यह थी मांगें
सौंपे गए ज्ञापन में शामिल सात सूत्री मांगों में बिजली की अघोषित कटौती बंद हो, कमलनाथ सरकार में बनाई गई गौशालाओं को पुन: चालू कराया जाय,स्वास्थ्य केंद्रों में खाली पड़े डॉक्टरों के पदों की पदस्थापना कराई जाए, किसानों की जमीन को ऑनलाइन किया जाए, मंडी परिसर में किसानों के लिए खाने पीने की व्यवस्था हो, मैंहगांव तहसील कार्यालय में वर्षों से जमे भ्रष्ट अधिकारियों के ट्रांसफर कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, वरिष्ठ जिला कांग्रेस नेता प्रमोद चौधरी, गजेंद्र सिंह भदोरिया, सहित स्थानीय सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

