ग्वालियर। ग्वालियर के डबरा देहात थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरिया ताल में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आठ में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का पुलिस द्वारा प्रयास किया जा रहा है।
भण्डारे में ही कर दी हत्या
दरअसल, बुधवार रात शासकीय कर्मचारी बालमुकुंद श्रीवास्तव के सेवानिवृत होने पर उनके लड़के ने भंडारे का आयोजन किया था। इसमें खाना खाते समय परवेज खान की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने हेमंत साहू, सूरज जाट, रिंकू जाट, अनीस साईं, नस्सी साईं, जितेंद्र बघेल, राजा परिहार और धीरेंद्र जाट के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। मामले में 8 में से 5वआरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में राजा परिहार और धीरेंद्र जाट फरार हैं।
पिता को पीटने से नाराज था आरोपी
पूछताछ में पता लगा है कि रंजिश की शुरुआत हेमंत के परिवार और परवेज के परिवार में 2 साल पहले छोटे-छोटे विवाद से हुई थी। परवेज ने दो बार हेमंत के पिता से भी मारपीट की थी। इसके चलते हेमंत उसकी हत्या करने की बात कह रहा था। चार माह से परिजन हेमंत को घर से अलग करने की बात कह रहे थे। हेमंत ने परवेज काे मारने के लिए कई बार कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। इसके बाद दो कट्टा लिए आरोपी भंडारे में घूम रहे थे, तभी खाना परसते समय आरोपियों ने पहली गोली परवेज पर चलाई जो मिस हो गई, लेकिन दूसरी गोली परवेज की छाती में लग गई, जिससे उसकी ग्वालियर जाने से पहले मौत हो गई।
बाकी आरोपियों की घेराबंदी जारी
एडिशनल एसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि आठ में से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है । बाकी की घेराबंदी जारी है। जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।