ग्वालियर. ग्वालियर के आरोन थाना क्षेत्र के बनेरी गांव में सरपंच विक्रम रावत की हत्या के बाद खाली हुई सरपंची सीट पर उपचुनाव में संपत्ति विरूपण का मामला सामने आया है. सरपंच का चुनाव लड़ रहे हैं हाकिम सिंह रावत द्वारा यहां शासकीय संपत्ति पर बैनर पोस्टर लगाए जाने पर उनके खिलाफ संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत धारा 188 की कार्रवाई की गई है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया कि उपचुनाव के दौरान प्रत्याशी हाकिम सिंह द्वारा यहां स्कूल हेड पंप और अन्य शासकीय इमारत पर प्रचार प्रसार के लिए पोस्टर चिपकाए थे जिस पर आरोन थाना प्रभारी द्वारा उनके खिलाफ संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत बन्हेरी के सरपंच विक्रम रावत की कुछ माह पहले ग्वालियर के गायत्री नगर में उस समय घेरकर गोलियों से भूनकर नृशंस हत्या कर दी गई थी जब वह अपने एडवोकेट से मिलने अपने घर आया था । इस मामले में एक ईपीएफ कमिश्नर सहित अनेक आरोपी जेल में है और विक्रम की हत्या के बाद रिक्त पद पर बन्हेरी में सरपंच पद पर चुनाव हो रहा है जिसमें विक्रम की पत्नी भी मैदान में है.

