ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस को एक साल से चकमा दे रहे मां-बेटे की जोड़ी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किय है। यह एक नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार थे। पकड़े गए राजकुमारी यादव और उसका बेटा राजू उर्फ संजू यादव को हजीरा थाना पुलिस ने चंदेरी से दबोचा है।एक साल पहले महिला के बड़े बेटा देवेन्द्र और पति भरत को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब इस मामले में आरोपी का मामा अभी फरार है।
नाबालिग के अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के मामले में एक साल से फरार दुष्कर्मी की मां राजकुमारी और भाई राजू उर्फ संजू यादव के बारे में हजीरा पुलिस को काफी समय बाद सूचना मिली थी कि वह अपने चंदेरी स्थित घर पर आए हुए हैं। जिस पर पुलिस टीम को आरोपियों को दबोचने के लिए रवाना किया। पुलिस टीम जब उनके घर चंंदेरी पहुंची तो मां और बेटा घर की साफ सफाई कर रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिस ने उनको भागने से पहले ही दबोच लिया। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया है कि जिस मकान से आरोपी मां व बेटा सफाई करते पकड़े गए हैं वह मकान एक साल से बंद पड़ा था। यह गुपचुप तरीके से यहां फरारी काटने आए थे।इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी महिला का बड़ा बेटा देवेन्द्र यादव व दुष्कर्म के आरोपी का पिता भरत यादव को पहले ही पुलिस पकड़ चुकी है। अभी इस मामले में देवेन्द्र का मामा हरीसिंह यादव फरार है। पुलिस हरीसिंह यादव के बारे में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।